शताब्दी एक्सप्रेस से आए DGP वीके सिंह, न माला पहनी , न ही मीडिया से बात की


विशेष संवाददाता, ज़ीशान मुजीब
ग्वालियर। बुधवार रात शताब्दी एक्सप्रेस से प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह ग्वालियर पहुंचे। स्टेशन पर उनके स्वागत के लिए कुछ कांग्रेसी, समाजसेवी के साथ पुलिस अफसर भी खड़े थे। डीजीपी सिंह ने न तो किसी से स्वागत में माला पहनी न ही मीडिया से कोई बात की। वह सीधे कार में सवार होकर ऑफिसर मैस के लिए निकल गए। गुरुवार को वह गजरा राजा कन्या विद्यालय बाड़ा लश्कर में महिला संबंधी अपराधों पर जागरुकता कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह तीन दिवसीय दौरे के लिए बुधवार रात भोपाल से ग्वालियर पहुंचे हैं। वह शताब्दी एक्सप्रेस से आए और बिना मीडिया से बात किए ऑफिसर मैस के लिए रवाना हो गए हैं। जबकि उनको स्वागत के लिए कुछ समाजसेवी, कांग्रेसी नेता स्टेशन पर पुष्पहार लेकर पहुंचे थे, पर डीजीपी ने किसी को तबज्जो नहीं दी। जब वह स्टेशन से बाहर निकले और अपनी कार में सवार हो रहे थे तो उनसे मिलने के लिए एक महिला पहुंची थी। वह कुछ आवेदन देकर शिकायत करना चाहती थी, लेकिन उनके आसपास के अफसरों ने महिला को मिलने ही नहीं दिया। जबकि वह महिला व बच्चियों के साथ होने वाले अपराध पर जागरुक करने आए हैं।
डीजीपी गुरुवार को कई कार्यक्रम में लेंगे भाग
गुरुवार सुबह 8 बजे ब्रेक फास्ट के बाद वह 8.30 बजे बाड़ा स्थित शासकीय गजराराजा कन्या विद्यालय पहुंचेंगे। यहां वह कम उम्र की बच्चियों के साथ होने वाले छेड़छाड़ की घटनाएं। झुग्गी झोंपड़ी में माता-पिता के काम पर जाने के बाद घर में अकेली किशोरी या नाबालिग के साथ होने वाले अपराध पर व्याख्यान देकर छात्राओं को जागरुक करेंगे। साथ ही इनसे कैसे खुद को सुरक्षित रखें यह भी बताएंगे।
10 बजे एसपी ऑफिस स्थित पुलिस कन्ट्रोल रूम में क्राइम मीटिंग लेंगे। ग्वालियर-चंबल रेंज के सभी जिलों एसपी होंगे।
क्राइम मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत करेंगे
1 बजे पुलिस कन्ट्रोल रूम में ही लंच लेंगे और उसके बाद 5 बजे पुरानी छावनी थाना परिसर में पौधा रोपण करेंगे। फिर ऑफिसर मैस पहुंचेंगे।
शुक्रवार दतिया, झांसी फिर भोपाल जाएंगे
शुक्रवार सुबह 8 बजे डीजीपी विजय कुमार सिंह सड़क मार्ग के माध्यम से दतिया जाएंगे। वहां से झांसी पहुंचेंगे और शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
जिले के थाने चमका दिए
डीजीपी के आने से पहले और किसी भी समय कोई भी थाने पहुंचकर निरीक्षण करने की आशंका के चलते सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में साफ-सफाई के लिए कहा गया था। बुधवार सुबह से ही सफाई अभियान शुरू हो गया था। शाम को सभी थाने चकाचक नजर आए। इतना ही नहीं शहर की सड़कों पर हर चौराहा, तिराहा पर यातायात पुलिस सभी उपकरणों से लोड़ होकर ट्रैफिक संभालती नजर आई।



