कमलनाथ कैबिनेट की बैठक अब उज्जैन में होगी


भोपाल। कमलनाथ कैबिनेट की भोपाल के बाहर दूसरी कैबिनेट बैठक महाकाल की नगरी उज्जैन में होगी। बैठक सात दिसंबर को प्रस्तावित की गई है। इसमें महाकाल मंदिर के विस्तार और सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष चर्चा हो सकती है। सरकार ने करीब तीन सौ करोड़ रुपए की कार्ययोजना मंदिर के बनाई है। उधर, मंत्रालय में 27 नवंबर को बैठक होगी, जिसमें स्वच्छता मिशन के तहत सीवर लाइन बनाने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार उज्जैन में महाकाल मंदिर के विकास के लिए विशेष योजना तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ की महाकाल मंदिर को ठीक उस तर्ज पर विकसित करने की मंशा है, जैसी केंद्र सरकार ने काशी विश्वनाथ मंदिर को लेकर तैयार की है।
इसके लिए प्रभारी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, अध्यात्म मंत्री पीसी शर्मा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह और मुख्य सचिव एसआर मोहंती की कमेटी बनाई है। अध्यात्म विभाग अगस्त में तीन चरण में मंदिर के विस्तार और सौंदर्यीकरण की लगभग तीन सौ करोड़ रुपए की कार्ययोजना प्रस्तुत भी कर चुका है।
बैठक में इसके अलावा महाकाल, महेश्वर और ओंकारेश्वर सर्किट बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। उधर, 27 नवंबर को मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी। इसमें ग्रामीण स्वच्छता मिशन के तहत गांवों में सीवर लाइन बनाने के प्रोजेक्ट सहित अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। यह बैठक पहले 25 नवंबर को प्रस्तावित की गई थी।
बताया जा रहा है कि खंडवा के हनुवंतिया में भी कैबिनेट बैठक करना प्रस्तावित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां क्रूज में बैठक की थी



