Madhya Pradesh Honey trap case : जीतू सोनी, अमित सहित पांच के खिलाफ जिला कोर्ट में पेश हुए दो चालान


इंदौर। एक लाख 20 हजार रुपए के इनामी फरार आरोपित जीतू सोनी और उसके बेटे अमित सोनी सहित पांच आरोपितों के खिलाफ तुकोगंज पुलिस ने बुधवार को जिला कोर्ट में दो चालान पेश किए। आरोपितों पर आरोप है कि उन्होंने वेस्ट वेस्टर्न और होराईजन में स्टूडियो अपार्टमेंट और फ्लैट पर अवैध कब्जा किया था। असली मालिकों ने उनसे संपत्ति का किराया मांगा तो आरोपितों ने उन्हें माय होम होटल बुलाया और कहा कि किराया भूल जाओ।
आरोपितों ने होटल में उन्हें पिस्टल दिखाते हुए धमकाया और असल दस्तावेज भी ले लिए। फरियादी धमकी से इतने घबरा गए थे कि उन्होंने कहीं शिकायत करने की हिम्मत भी नहीं की। पुलिस ने जीतू और अमित के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई तो उनकी हिम्मत खुली और वे पुलिस तक शिकायत लेकर पहुंचे। जिला अभियोजन अधिकारी मो.अकरम शेख ने बताया कि दोनों चालान मंगलवार को ही पेश होना थे लेकिन तकनीकी वजह से इन्हें दोपहर दोपहर बाद पेश किया गया।
दो साल तक दिया 25 हजार किराया
5 दिसंबर 2019 को वाय एन रोड निवासी अनित पिता हुकुमचंद जैन ने तुकोगंज थाने पहुंचकर आरोपित जीतू सोनी, अमित सोनी, जिग्नेश सोनी, निखिल कोठारी और सुरभि कोठारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि फरियादी ने निखिल और सुरभि से होराइजन का फ्लैट नंबर 402 खरीदा था। बाद में विक्रेता ने ही इसे 25 हजार रुपए महीना किराए पर ले लिया। दो साल तक सुरभि और निखिल ने किराया दिया, लेकिन इसके बाद किराया देना बंद कर दिया। पता चला कि उन्होंने पहले से बिक चुके फ्लैट को जीतू सोनी को बेच दिया है। इस पर फरियादी होटल पहुंचा तो जीतू सोनी ने उसे होटल माय होम मिलने बुलाया।
वह वहां पहुंचा तो उसे वहां अमित सोनी और जिग्नेश सोनी भी मिले। जीतू, जिग्नेश और अमित ने उससे कहा कि तुम फ्लैट भुल जाओ। किराए की बात करोगे तो तुम्हें जान से मार देंगे। शिकायत में फरियादी ने कहा था कि उसने फ्लैट खरीदने के लिए आईसीआईसीआई बैंक से ऋण लिया था और आज तक किस्त भर रहा है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 420, 406, 387, 388, 389, 506 में जिला कोर्ट में चालान पेश किया।
साढ़े 62 हजार था अपार्टमेंट का किराया
6 दिसंबर 2019 को एचआईजी निवासी ममता पति राजेश जैन ने तुकोगंज थाने पहुंचकर जीतू, अमित, जिग्नेश, सुरभि कोठारी और निखिल कोठारी के खिलाफ धोखाधड़ी, अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी का कहना है कि उसने वेस्ट वेस्टर्न में स्टूडियो अपार्टमेंट नंबर 114 और 120 को 2011 में सुरभि कोठारी और निखिल कोठारी से खरीदे थे।
उक्त दोनों स्टूडियो अपार्टमेंट सुरभि और निखिल ने फरियादी से साढ़े 62 हजार रुपए महीना किराए पर ले लिए थे। दो साल तक तो उन्हें किराया मिलता रहा लेकिन फिर बंद कर दिया। फरियादी ने निखिल और सुरभि से बात की तो पता चला कि उन्होंने पहले से बिक चुके दोनों अपार्टमेंट जीतू सोनी को बेच दिए हैं। इस पर फरियादी ने जीतू सोनी से बात की तो उसने उन्हें होटल माय होम बुलाया। वहां जीतू के साथ अमित और जिग्नेश भी थे।
आरोपितों ने फरियादी से कहा कि तुम अपार्टमेंट भूल जाओ। आरोपितों ने पिस्टल दिखाई और कहा कि हमारे पास लड़कियां भी हैं जो तुम्हारे परिवार को दुष्कर्म के आरोप में फंसा देंगी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 420, 406, 387, 388, 389, 506 में केस दर्ज किया।



