कोरोना का कहर खत्म / चीन के शंघाई में 200 थियेटर फिर शुरू; रेवेन्यू बढ़ाने के लिए टिकटों पर डिस्काउंट, ब्लॉकबस्टर फिल्में दिखाई जाएंगी


हॉलीवुड डेस्क. चीन के वुहान शहर में कोरोनावायरस के कहर के बाद अब हालात सामान्य होने लगे हैं। देश में करीब 2 महीने से बंद थियेटर धीरे-धीरे खुल रहे हैं। चीन की कमर्शियल केपिटल शंघाई में अब 200 से ज्यादा थियेटर खोले गए हैं। इससे पहले दूर-दराज के इलाकों में करीब 700 सिनेमाघर पहले ही शुरू हो चुके हैं। दर्शकों को लुभाने के लिए सरकार टिकटों पर डिस्काउंट दे रही है। यहां अभी पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्में दिखाई जाएंगी।
शंघाई प्रशासन ने थियेटर खोलने के लिए कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक, दर्शकों के टेम्परेचर की जांच और शो के दौरान उन्हें मास्क लगाकर बैठना होगा। साथ ही सीटों के बीच दूरी भी कम से कम 1 मीटर रखनी होगी।
भारत में बंद हुए 9 हजार सिनेमाघर
कोरोना महामारी से भारतीय सिनेमा को भी झटका लगा है। भारत में लॉकडाउन के कारण करीब 9 हजार थियेटर्स पर ताला लटका है। पीवीआर सिनेमा के सीईओ कमल ज्ञानचंदानी ने कहा है कि हम लॉकडाउन का समर्थन करते हैं। देशभर में पीवीआर की करीब 845 स्क्रीन्स हैं। इसके अलावा भारत में डिज्नी ने भी वीडियो ऑन डिमांड प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस की लॉन्च को टाल दिया है।



