Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ जीते


छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस के खाते में सिर्फ छिंदवाड़ा की सीट गई। कमलनाथ की इस परंपरागत सीट से इस बार उनके बेटे नकुलनाथ चुनावी मैदान में थे। नकुलनाथ ने भाजपा के नत्थन शाह को 37 हजार 536 वोटों से हराया।

मध्यप्रदेश में 29 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा सीट पर 82.10 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नकुलनाथ और भाजपा के नत्थन शाह के बीच था। वर्तमान मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद कमलनाथ ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट को कांग्रेस का गढ़ बनाया। पिछले चुनाव में मोदी लहर के बावजूद कमलनाथ ने जीत हासिल की थी, वहीं इस बार नकुलनाथ ये सीट बचाने में कामयाब रहे। उनके सामने भाजपा ने जुन्नारदेव के पूर्व विधायक नत्थनशाह कवरेती को उतारा था। 2014 लोकसभा चुनाव में यहां कांग्रेस के कमलनाथ ने जीत दर्ज की थी।
छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में 7 विधानसभा सीट छिंदवाड़ा, सौंसर, पांढुर्णा, चौरई, जुन्नारदेव, अमरवाड़ा और परासिया शामिल हैं। यह लोकसभा क्षेत्र भौगोलिक रूप से पहाड़ी क्षेत्र है। तामिया, अमरवाड़ा और हर्रई ब्लॉक की गिनती आदिवासी बहुल क्षेत्र में होती है। अभी तक छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में 16 बार चुनाव हुए। इमरजेंसी और राम मंदिर की लहर में भी कांग्रेस ने सीट नहीं गंवाई। सिर्फ 1997 के उपचुनाव में कमलनाथ को पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button