Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

अंगुली का ऑपरेशन कराकर रात 10 बजे घर लौटे सीएम कमलनाथ

भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ की दाहिने हाथ की अंगुली का हमीदिया (सरकारी) अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। छह डॉक्टरों की टीम ने शनिवार सुबह 11 बजे के करीब ऑपरेशन किया। ट्रिगर फिंगर नामक बीमारी की वजह से उनकी अनामिका (रिंग फिंगर) में दर्द और मोड़ने में दिक्कत हो रही थी। रात 10 बजे उनकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की डीन डॉ. अरुणा कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह पौने 9 बजे अस्पताल पहुंचे थे। यहां 11 बजे से डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू किया। करीब 20 मिनट सर्जरी चली। सर्जरी टीम में आर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. संजीव गौर, डॉ. आशीष गोहिया, डॉ. सुरेश उइके व एनेस्थीसिया के एचओडी डॉ. आदित्य अग्रवाल शामिल थे। निगरानी के लिए अपोलो अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. यश गुलाटी भी मौजूद रहे। इससे पूर्व जांचों के लिए मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को भी हमीदिया गए थे।
इस बीमारी में अंगुली मुड़कर ट्रिगर दबाने जैसे दिखने लगती है। अंगुली में अकड़न रहती है। इस बीमारी में प्रभावित अंगुली की टेंडन (मांसपेशी को हड्डी से जोड़ने वाली पट्टी) में सूजन आ जाती है। प्रभावित अंगुली में दबाने से दर्द होता है। सुबह ज्यादा समस्या होती है।
हमीदिया में सीएम की सर्जरी के निर्णय पर शिवराज का तंज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के हमीदिया अस्पताल में ऑपरेशन करवाने के निर्णय को प्रशंसनीय बताते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की। साथ तंज भी कसा है कि मैं यह चाहता हूं जो सुविधा आपको वहां मिली, वही आमजन को भी मिले। उन्हें इधर-उधर न भटकना पड़े। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर दुआओं के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमलनाथ के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इसी तरह मप्र से राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने कहा है कि इलाज के लिए मुख्यमंत्री का शासकीय अस्पताल में जाने के निर्णय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आम लोगों में विश्वास बढ़ेगा। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह भी देर रात उन्हें देखने के लिए पहुंचे थे। ज्ञात हो 13 साल मुख्यमंत्री रहने के दौरान शिवराज ने इलाज के लिए सरकारी अस्पताल का रुख नहीं किया।

Related Articles

Back to top button