Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

आदिवासियों पर गोलीचालन घटना की निष्पक्ष जांच होगी, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री


भोपाल/बुरहानपुर . नेपानगर के बदनावर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम और आदिवासियों के संघर्ष में हुए गोलीचालन की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के स्थायी सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी ही सरकार को घेरा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अब तो जागिए। विधायक हीरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर घटना की जांच करवाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस सबके बाद ट्वीट कर कहा है कि ‘नेपानगर के बदनापुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम और अादिवासियों के संघर्ष व गोलीचालन की घटना के दूसरे दिन ही मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। घटना की निष्पक्ष जांच होगी, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’ सरकार आदिवासी वर्ग के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। आदिवासी वर्ग का कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा, उनकी प्रगति सदैव प्राथमिकता है।
घटना मौजूदा शासन की नीति के विरूद्ध : दिग्विजयसिंह
शुक्रवार रात 12.9 बजे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने ट्वीट कर लिखा है कि कमल नाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार की प्राथमिकता आदिवासी विकास और उनके अधिकारों का संरक्षण है। जो घटना हुई है वह मौजूदा शासन की घोषित नीति के विरूद्ध है, अत: निंदनीय है और तत्काल शासन को दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करना चाहिए।
अब तो जाग जाइए, साथी भी ऊंगली उठा रहे : शिवराज
शनिवार दोपहर 2.48 बजे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीट कर तंज कसते हुए लिखा है कि श्री कमलनाथ जी अब तो जाग जाइए। आपके शासन के बारे में आपके साथी और मंत्री भी अब तो ऊंगली उठाने लगे हैं। आदिवासी भाईयों को अधिकार देने की बात करने वाली आपकी सरकार उन पर गोली चलाकर कैसे उनका हित कर रही है? आदिवासी भाई-बहनों को इंसाफ मिलना चाहिए। दूसरा ट्वीट कर लिखा है कि बुरहानपुर में आदिवासियों पर प्रशासन द्वारा चलाई गई गोली की घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना और मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी से दोषियों के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग करता हूं।

Related Articles

Back to top button