Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

महाराष्ट्र / शिवराज ने कहा- न खुदा ही मिला न विसाल-ए-सनम, न इधर के रहे ने उधर के, दिग्विजय बोले- सड़कों पर उतरें लोग


भोपाल. शनिवार सुबह महाराष्ट्र में हुए चौंकाने वाले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की सरकार बन गई। भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। एनसीपी नेता और शरद पवार के भतीजे अजित पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। महाराष्ट्र में सरकार बनने के बाद मध्य प्रदेश में सियासी गलियारों में हलचल शुरू हो गई है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र में स्वाभाविक सरकार बनी है। भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। 105 सीटें हमारे पास हैं। शिव सेना ने धोखा किया। लेकिन जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है उसमें वो खुद गिरता है। उनके हाल तो ये हो गए ‘न ख़ुदा ही मिला न विसाल-ए-सनम न इधर के हुए न उधर के हुए’। ये स्थिर सरकार, विकास के लिए काम करने वाली सरकार है और देवेंद्र फडणवीस जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में बीजेपी ने पहले भी बहुत शानदार का किया है। वो सीएम बने हैं, स्थिर और विकास केंद्रित सरकार देंगे, इसी में महाराष्ट्र का कल्याण है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन पर आज विरोध जताते हुए कहा कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस को अपनी ताकत जमीन पर दिखाने के लिए सड़कों पर उतरना चाहिये। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा ‘शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस को अपनी ताक़त ज़मीन पर दिखा कर सड़कों पर उतरना चाहिये। देखते हैं मुंबई और महाराष्ट्र की जनता किस के साथ है। तीनों पार्टियों के लिये यह अस्तित्व का सवाल है। विशेष कर उद्धव और ठाकरे परिवार के लिये यह प्रतिष्ठा का प्रश्न है।’
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट में लिखा- फिर भाजपा, महाराष्ट्र में अंतत: वहीं हुआ जो तय था। भाजपा कभी हार नहीं मानती और पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह की रणनीति ने ये साबित भी कर दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार को बधाई। विजयवर्गीय ने यह भी ट्वीट किया कि आधी छोड़ साजी को धावे, आधी मिले न पूरी पावे। ना खुदा ही मिला ना विसाले सनम…। शकुनि मामा के कारण महाभारत में कौरव वंश का विनाश हुआ। अब लोग पूछ रहे हैं कि शिवसेना को समाप्त करने की सुपारी लेने वाला शकुनि शिवसेना के अंदर कौन है? उन्होंने यह भी लिखा है कि अमित शाह को राजनीति का चाणक्य यूं ही नहीं कहा जाता। ‘जो जीता वही सिकंदर’।
मध्यप्रदेश के भाजपा नेताओं ने फड़णवीस को दी बधाई : देवेंद्र फडणवीस के आज दोबारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजीत पवार के उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर मध्यप्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राकेश सिंह ने ट्वीट के जरिए फडणवीस और पवार को बधाई दी और कहा कि महाराष्ट्र में एक स्थिर एवं मजबूत सरकार का गठन हुआ है, जो महाराष्ट्र की जनता के कल्याण एवं विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी ट्वीट के जरिए श्री फडणवीस और श्री पवार को बधाई दी है। इनके अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Back to top button