Breaking Newsअन्य खबरेंदेश

अब तक देश में 4 हजार 388 मामले: प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठक की, सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा


नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कोरोना संकट को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठक की। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया। गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक के दौरान एक-दूसरे से दूर बैठे नजर आए। उधर, सोमवार को देश में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 4 हजार 388 हो गई है। सोमवार को 82 मरीज बढ़े हैं। सबसे ज्यादा 33 मामले महाराष्ट्र में सामने आए। देश में अब तक कोरोना से 132 मौतें हुई हैं, इनमें सबसे ज्यादा 46 महाराष्ट्र में ही हुई हैं। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार सुबह 9 बजे तक संक्रमितों की संख्या 4 हजार 67 है। इनमें से 291 ठीक हो चुके हैं, जबकि 109 मरीजों की मौत हुई है।
कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को 8 अप्रैल तक विदेश से 7 लाख रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग किट मिल जाएंगी। इनसे उन क्षेत्रों में कोरोना जांच में मदद मिलेगी, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। उम्मीद है कि पहले फेज में 5 लाख किट आएंगी। इस किट के जरिए खून की एक बूंद से 5 से 10 मिनट के अंदर कोराना टेस्ट किया जा सकता है।
एम्स के डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
एम्स के डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें पीपीई, मास्क और अन्य संसाधनों की कमी का जिक्र किया गया है। उनका कहना है कि कई डॉक्टर, नर्स और फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स सोशल मीडिया पर अपनी समस्याएं रख रहे हैं। इनका निराकरण करने की बजाय अफसर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में सरकार का यह दायित्व बनता है कि वह कोरोना से लड़ रहे इन सैनिकों को सुनें। उनके विचारों का सम्मान करें। आप खुद एक एक्टिव सोशल मीडिया यूजर हैं। ऐसे में आप इस परिस्थिति हो समझ सकते हैं।
अहम अपडेट्स…
यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन ने सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेज के चांसलर को पत्र लिखकर हेल्पलाइन नंबर शुरू करने का आदेश दिया है। इसमें कहा गया है कि छात्रों के दिमागी स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर और उनकी मानसिक चिंताओं का समाधान किया जाए।
अमेरिका में बाघ में कोराना संक्रमण मिलने के बाद भारत में सभी चिड़ियाघरों को हाईअलर्ट किया गया है। साथ ही सलाह दी गई है कि सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे और सातों दिन जानवरों के व्यवहार पर नजर रखी जाए।
मिनिस्ट्री ऑफ शिपिंग ने कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 52 करोड़ रुपए की मदद देने की घोषणा की है।
26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
राज्य कितने संक्रमित कितनों की मौत कितने ठीक हुए
महाराष्ट्र 781 46 56
तमिलनाडु 571 5 8
दिल्ली 503 7 16
केरल 314 2 56
आंध्रप्रदेश 266 1 5
तेलंगाना 334 12 33
राजस्थान 274 6 25
उत्तरप्रदेश 278 2 21
कर्नाटक 151 4 11
मध्यप्रदेश 219 14 3
गुजरात 144 12 21
जम्मू-कश्मीर 106 2 4
प.बंगाल 80 6 10
हरियाणा 90 2 29
पंजाब 68 7 4
बिहार 32 1 3
चंडीगढ़ 18 1 5
असम 26 0 0
लद्दाख 14 0 3
अंडमान-निकोबार 10 0 0
उत्तराखंड 27 0 4
छत्तीसगढ़ 10 0 8
हिमाचल प्रदेश 13 2 1
गोवा 7 0 0
ओडिशा 39 0 2
पुडुचेरी 5 0 0
मणिपुर 2 0 0
झारखंड 4 0 0
मिजोरम 1 0 0
अरुणाचल प्रदेश 1 0 0
*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं।
देश के 9 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश के हाल
मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 219: भोपाल में सोमवार को संक्रमण के 9 और मामले सामने आए। इनमें 5 पुलिसकर्मी और 4 स्वास्थ्यकर्मी हैं। जिले में अब तक 54 संक्रमित मिले हैं इससे पहले शहर में रविवार 12:30 बजे कोरोना से पहली मौत हो गई। मरीज की उम्र 52 साल थी। वे इब्राहिमगंज इलाके में रहते थे और बिट्‌टन मार्केट में गार्ड थे। भोपाल में रविवार को 23 नए कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें से 12 जमाती और 11 स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। भोपाल के अलावा इंदौर में 128, मुरैना में 12, जबलपुर में 9, उज्जैन में 7, खरगोन में 3, जबकि ग्वालियर, शिवपुरी और छिंदवाड़ा में 2-2 संक्रमण के मामले आ चुके हैं।
महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 781: राज्य में सोमवार को संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से पिंपरी चिंचवड़ में 19, मुंबई में 11 और अहमदनगर, सातारा, वसई में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुंबई के वॉकहार्ट हॉस्पिटल में स्टाफ की 26 नर्सों और 3 डॉक्टरों की कोरोनावायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस अस्पताल को निषेध क्षेत्र (क्वारैंटाइन एरिया) घोषित कर दिया है। इस अस्पताल में किसी नए मरीज की भर्ती करने पर रोक रहेगी। उधर, मंत्रालय में सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और बाहर से आने वालों के लिए कुछ महीनों तक मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।
उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 278: गायिका कनिका कपूर की छठी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें 20 मार्च को उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया था।
राजस्थान; कुल संक्रमित- 274: राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यहां सोमवार को 8 नए संक्रमित मिले। इनमें से झुुंझुनूं में 5, डूंगरपुर में 2, कोटा में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। झुुंझुनूं और कोटा में मिले 6 मरीज दिल्ली की तब्लीगी जमात से लौटे थे। रविवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 6 नए मामले सामने आए थे।
आंध्रप्रदेश; कुल संक्रमित- 266: सोमवार को 14 नए संक्रमित मिले। इनमें से विशाखापट्‌टनम में 5, अनंतपुरम और कुरनूल में 3-3, गुंटूर में 2 और पश्चिम गोदावरी में 1-1 मामला सामने आया है।
दिल्ली; कुल संक्रमित- 503: सरकार ने यहां होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर 198 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। ये एफआईआर पड़ोसियों या परिवार के सदस्यों की ओर से की गई शिकायतों या फोन ट्रैकिंगे के आधार पर दर्ज की गई हैं। प्रशासन की ओर से यह जानकारी सोमवार को दी गई। इस बीच, भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने अपनी सांसद निधि से दिल्ली सरकार को 50 लाख रुपए की राशि दी है। वे इस आपदा से निपटने के लिए पहले भी दिल्ली सरकार को 50 लाख रुपए दे चुके हैं।
गुजरात; कुल संक्रमित- 144: राज्य में सोमवार को संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए। इनमें से अहमदाबा में 11, वडोदरा में 2 और पाटण, मेहसाणा और सूरत में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य के कुल संक्रमितों इनमें से 21 लोगों की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्‌टी हो गई है, जबकि 11 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को यहां कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए थे।
गुजरात में सबसे ज्यादा 53 संक्रमित अहमदाबाद में हैं। ऐसे में शहर की सड़कों को बूम स्प्रेयर से डिसइन्फेक्ट किया जा रहा है।
पंजाब; कुल संक्रमित- 68: राज्य के विशेष सचिव केबीएस सिद्धू ने रविवार को बताया कि डेरा बस्सी तहसील में 42 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया। उसे शनिवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वह एक बेकरी चलाता है। उसके यहां काम करने वाले 2 लोग मार्च में निजामुद्दीन से लौटे जमातियों के संपर्क में आए थे।
केरल; कुल संक्रमित- 314: स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने रविवार को कहा है कि कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए राज्य में किए जा रहे प्रयासों से हम संतुष्ट हैं। मरीज का पता लगाने, उसकी जांच करने, उसे आइसोलेट करने या इलाज करने के लिए जो हमने रणनीति बनाई है उसके अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। यहां शनिवार को संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 306 हो गई। इसमें से 254 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 50 ठीक होकर घर जा चुके हैं।
तमिलनाडु; कुल संक्रमित- 571: तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने बताया कि रविवार को प्रदेश में 86 संक्रमित मिले, जिनमें से 85 ने तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। वहीं, राज्य में अब तक 571 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से 522 मामले उन लोगों के हैं, जो दिल्ली में मरकज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

Related Articles

Back to top button