देश के संबोधन के बाद कांग्रेस का PM मोदी पर वार, कहा- चीन का नाम लेने से डरते हैं मोदी


नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश की जनता को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कोरोना वायरस और लॉकडाउन में छूट पर विस्तार से बात की. हालांकि कयास लगाए जा रहे थे कि प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन में भारत-चीन तनाव पर भी कुछ बातें होंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. चीन का जिक्र न होने पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि चीन की आलोचना करने वाली बात भूल जाएं, अपने राष्ट्रीय संबोधन में इसका जिक्र करने से भी डरते हैं. कांग्रेस ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन कोई सरकारी अधिसूचना हो सकती थी.
कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर भी लगाई जिसमें चीन के बारे में लिखा गया है. तस्वीर पर लिखा है, चीन भारत की सीमा में 423 मीटर तक घुसपैठ कर गया. कांग्रेस के मुताबिक, 25 जून तक भारतीय सीमा में चीन के 16 टेंट और टरपॉलिन हैं. चीन का एक बड़ा शेल्टर है, साथ ही तकरीबन 14 गाड़ियां हैं. कांग्रेस ने पूछा है कि क्या प्रधानमंत्री इसे नकार सकते हैं? कांग्रेस ने यह भी कहा कि भारत को ऐसे नेता की जरूरत है जो असफलता को स्वीकार करे और उसमें सुधार की गुंजाइश बची हो. ऐसे नेता की जरूरत नहीं है जो परेशानियों को दरकिनार करे और उस पर बात करने से बचे.
इसी के साथ कांग्रेस ने यह भी कहा कि जानकर खुशी हुई कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आग्रह पर गौर किया है जिसमें गरीबों को मुफ्त अनाज देने की योजना को आगे बढ़ाने की मांग की गई थी.



