Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

मुख्‍यमंत्री शिवराज और कांग्रेस अध्‍यक्ष कमल नाथ में चल रहा ट्विटर वार

भोपाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ट्विटर पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ की गई बैठक पर शिवराज ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास है क्या, वह अपना अध्यक्ष तो बना नहीं पा रही है। इस पर कमल नाथ ने जवाब दिया कि कांग्रेस का अस्तित्व उस समय से है, जब शिवराज जी और भाजपा के नेताओं का जन्म भी नहीं हुआ था।

वीडियो संदेश : परिवार मोह में अंधी कांग्रेस दिशा भ्रष्ट हो गई सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘आजकल मैडम को विपक्षी एकता याद याद आ रही है। अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं है। न अस्तित्व है, न विचारधारा है। परिवार मोह में अंधी कांग्रेस दिशा भ्रष्ट हो गई है। कांग्रेस तो ऐसी नाव हो गई है, जो खुद तो डूबेगी ही, लेकिन जो उसमें बैठेगा वो भी डूबेगा। यही कहावत हो जाएगी कि हम तो डूबे हैं सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे।’ उन्होंने एक और कहावत का उपयोग किया कि खाने को दाने नहीं, अम्मा चली भुनाने।

पलटवार : भाजपा की विचारधारा लोगों को बांटने की कमल नाथ ने पलटवार किया। कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने ही वर्षों से सभी को आज तक जोड़े रखा है। भाजपा की विचारधारा लोगों को बांटने और सभी वर्गों का शोषण करने की है। कांग्रेस की विचारधारा ने ही भारत को आजाद कराने में योगदान दिया। देश को इस मुकाम पर पहुंचाया और आज भाजपा सरकार यहां की संपत्तियों को बेच रही है। जो लोग देश की आजादी के संघर्ष से गायब रहे, माफीनामा लिखते रहे, वो आज कांग्रेस के अस्तित्व व विचारधारा पर किस मुंह से सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष की ताकत तो भाजपा देख रही है और हर जगह मुंह की खा भी रही है।

ट्वीट कर राजनीति : मालूम हो, शुक्रवार को भी शिवराज ने सद्भावना दिवस के आयोजन को लेकर शिवराज ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि कमल नाथ और कांग्रेस के नेता सिर्फ ट्वीट कर राजनीति कर रहे हैं। उन्हें धरातल पर आना चाहिए।

Related Articles

Back to top button