सुमित्रा महाजन बोली – राहुल गांधी यात्रा से देश को समझने की कोशिश कर रहे, जिसकी में तारीफ करती हूं
सुमित्रा महाजन बोली - राहुल गांधी यात्रा से देश को समझने की कोशिश कर रहे, जिसकी में तारीफ करती हूं


जबलपुर. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बीजेपी के तमाम बड़े-छोटे नेताओं के निशाने पर है. हालांकि अब उन्हें लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का साथ मिला है. सुमित्रा महाजन ने कहा कि वे इस यात्रा के राजनीतिक पक्ष की बात नहीं कर रही हैं लेकिन इतना जरूर मानती हैं कि एक युवा यात्रा पर निकला है तो उसे देश का भला सोचना चाहिए. उन्हें भरोसा है कि वह देश का भला ही सोचेगा.
लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष जरूरी
जबलपुर प्रवास पर आई इंदौर की पूर्व सांसद और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि यात्रा निकालकर राहुल गांधी हिंदुस्तान को समझने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी मैं तारीफ करती हूं. इस यात्रा से राहुल गांधी को सोच समझकर बोलने में काफी मदद मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा है कि लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष का होना बेहद जरूरी है. बीजेपी की वयोवृद्ध नेता सुमित्रा महाजन की तारीफ से राहुल गांधी गदगद हो सकते हैं.
सुमित्रा महाजन ने राहुल की पदयात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि इसके पहले जिन भी महापुरुषों ने देश के लिए काम किया, उन्होंने पहले देश भर की यात्राएं कर भारत को समझने की कोशिश की थी. इस मामले में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता रहे स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई का भी उदाहरण दिया. साथ ही कहा कि उनके समय मे विपक्ष मजबूत हुआ करता था. मजबूत विपक्ष होने से सरकार पर भी अंकुश रहता है.
बीजेपी सरकार बनने की दावा किया
लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया. उन्होंने कहा कि विकास और मेहनत के दम पर प्रदेश की सत्ता पर एक बार फिर बीजेपी काबिज होगी. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जमकर विकास का कार्य करा रही है.
शराबबंदी को लेकर चल रही बयानबाजी पर लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने साफ तौर पर तो कुछ नहीं कहा. हालांकि इतना इशारा जरूर इशारा किया कि कोई भी नहीं चाहता कि उसके घर का सदस्य शराब पिये. उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर सिर्फ सरकार की ही नहीं बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी बनती है.



