Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

भोपाल में फिर तेज बारिश, सर्द हुआ मौसम:इंदौर रहा सबसे ठंडा; शाजापुर में कल 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी

भोपाल में फिर तेज बारिश, सर्द हुआ मौसम:इंदौर रहा सबसे ठंडा; शाजापुर में कल 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी

मध्यप्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। राजधानी भोपाल में शाम को जमकर बारिश हुई। इससे पहले सुबह से ही बादल छाए रहे। मौसम सुहाना होने और गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने से लोग पर्यटन स्थलों का रूख करते नजर आए, तो कई लोग सर्दी के चलते घरों में ही रहे। बारिश के कारण भोपाल में लोकरंग का शुभारंभ पुराने रवींद्र भवन के अंदर ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

इधर शाजापुर में बारिश के चलते 27 जनवरी को स्कूलों में पहली से 5वीं तक की कक्षाओं की छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर दिनेश जैन ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। जो जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगे।

बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है। इससे ठंड का असर बढ़ गया है। इंदौर सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 19.4 डिग्री तापमान रहा। उज्जैन, धार, गुना, राजगढ़, नौगांव में भी पारा काफी कम रहा। यहां 20 डिग्री के नीच तापमान दर्ज किया गया।

इससे पहले बुधवार को भी रातभर भोपाल में बारिश होती रही। भोपाल शहर में पिछले 24 घंटे में 1.22 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेश के 32 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ग्वालियर-चंबल के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।

दरअसल 24 जनवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इस कारण प्रदेशभर के ज्यादातर इलाकों में कहीं हल्की, तो कहीं तेज बारिश हो रही है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में हल्की बारिश का दौर 28 जनवरी के बाद भी जारी रह सकता है।

इस माह का तीसरा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 28 जनवरी को आ रहा है। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी होगी। 29 जनवरी को यह चरम पर रहेगी। 31 जनवरी से फिर मैदानी इलाकों में पारा घटेगा और सर्दी बढ़ेगी। दरअसल, उत्तर-पश्चिमी, पूर्वी और मध्य भारत में 4-5 दिन से बादल की आवाजाही और हवा की दिशा बदलने से तापमान बढ़ रहा था। 27 और 28 को तापमान में फिर गिरावट आएगी।

बारिश की सबसे बड़ी वजह…

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के अलावा पंजाब में इंड्यूज्ड साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान और मध्यप्रदेश होती हुई विदर्भ तक एक ट्रफलाइन गुजर रही है। यह ट्रफलाइन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी खींच रही है, इसलिए मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई।

आज इन शहरों में बारिश की संभावना

ग्वालियर-चंबल संभाग के जिले ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, मुरैना, श्योपुर और भिंड में हल्की तेज बारिश होने की संभावना है। भोपाल, रीवा और सागर संभाग के जिले भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इंदौर, उज्जैन, देवास, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, अनूपपुर और शहडोल में कहीं-कहीं हल्की बारिश के चांस है।

मौसम विभाग के मुताबिक 28 जनवरी से एक और नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 जनवरी से एक और नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है।
महानगरों में न्यूनतम तापमान

इंदौर 14.6 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
ग्वालियर 15.0
भोपाल 15.2
जबलपुर 16.4
भोपाल में पहले भी होती रही है गणतंत्र दिवस पर बारिश

साल 2015 में भोपाल में 25 जनवरी, 26 जनवरी और 27 जनवरी को लगातार तीन दिन तक पानी गिरा था। 25 और 26 जनवरी को तो 2-2 मिलीमीटर, जबकि 27 जनवरी को हल्की रिमझिम हुई थी। 2017 में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक रहे थे। 2022 में 25 जनवरी से लेकर 27 जनवरी तक रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक था। दिन का पारा भी 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा था।

आधे भोपाल की बिजली गुल, कॉल सेंटर में फोन तक नहीं उठे

भोपाल में बुधवार देर शाम से शुरू हुई बारिश के कारण आधे शहर की बिजली गुल हो गई। कई इलाकों में तो 5-5 घंटे तक बिजली गायब रही। लोग बिजली कंपनी के कॉल सेंटर पर फोन लगाते रहे, लेकिन कॉल ही रिसीव नहीं हुई। ऐसे में आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। सबसे ज्यादा समस्या डीआईजी बंगला क्षेत्र, पीजीबीटी कॉलेज रोड, ग्रीन पार्क कॉलोनी, फिरदौस नगर, इंद्रपुरी और भवानी धाम रोड स्थित कॉलोनियों में हुई। इसके अलावा अयोध्या बायपास की कॉलोनियां, सलैया, बावड़ियाकलां, एमपी नगर, 80 फीट रोड अशोका गार्डन, सुभाष नगर और निशातपुरा समेत कई इलाके 3 से 5 घंटे तक अंधेरे में रहे।

दरअसल बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में पहले ही शिकायतें देर से निपट रही थीं। हालांकि फोरम के समर्थन वापस लेने के कारण बुधवार को कुछ कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली थी, लेकिन इसके बाद भी बिजली कंपनी के पास शिकायतों के निपटारे के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं था। वहीं कॉल सेंटर पर शिकायतकर्ता की कॉल रिसीव करते ही उसका डाटा जनरेट होना शुरू हो जाता है और फिर उस शिकायत को जल्द से जल्द निपटाने का दबाव कंपनी पर रहता है, लेकिन पर्याप्त मैदानी अमला नहीं होने के कारण तुरंत शिकायतों का समाधान संभव नहीं था इससे कंपनी का रिकॉर्ड खराब होता। इससे बचने के लिए कॉल सेंटर ने शिकायतकर्ताओं की कॉल रिसीव करना ही बंद कर दिया। इसके चलते लोग घंटों परेशान रहे।

इंदौर में कहीं-कहीं हुई बूंदाबांदी, फिर भी रात का पारा 4 डिग्री ज्यादा

बुधवार तड़के शहर में कहीं-कहीं तेज बूंदें गिरीं। ठंडक तो दो दिन से कायम है, लेकिन रात का तापमान फिर भी औसत से 4 डिग्री ज्यादा होकर 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके उलट अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यह 22.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। गुरुवार को भी नजारा करीब-करीब ऐसा ही रहने वाला है। बादलों की वजह से धूप मुश्किल से निकल पाएगी। हवा चलने की वजह से ठंड तेज महसूस होगी। पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही दक्षिण तरफ से नमी भी मिल रही है। इस वजह से दिन में ऐसी स्थिति है।

Related Articles

Back to top button