Breaking Newsअन्य खबरेंभोपाल

भाजपा नेता ने फांसी लगाई, स्वजन ने जताई हत्या की आशंका

भाजपा नेता ने फांसी लगाई, स्वजन ने जताई हत्या की आशंका

भोपाल! परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहे एक भाजपा नेता ने फांसी लगा ली। वह निजी व्यवसाय भी करते थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उधर स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है।

उनका कहना है कि घटनास्थल पर शराब के 03-04 गिलास मिले हैं। ऐसे में हो सकता है कि किसी ने उन्हें जहर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह है मामला

स्टेशन थाना पुलिस के मुताबिक रेतघाट तलैया निवासी 52 वर्षीय राजेश पुत्र जोखेलाल राठौर स्वयं का व्यापार करते थे। वह भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष थे। वर्तमान में वह अपने से घर से अलग चंदबड़ क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 राजेश ने फांसी लगा ली। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे में शराब के चार गिलास बरामद हुए हैं। उनमें शराब पी गई थी। उधर स्वजन ने शराब में जहर देकर राजेश की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

12वीं की छात्रा ने फांसी लगाई

उधर, चूना भट्टी थाना इलाके के दुर्गा नगर में रहने वाली छात्रा ने घर में फांसी लगा ली। वह 12 वीं में पढ़ती थी। वह दो पेपर भी दे चुकी थी। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चूना भट्टी थाना पुलिस के मुताबिक मूलत: जबलपुर की रहने वाली 19 वर्षीय पलक पुत्री उमेश सोंधिया कोलार कालोनी के पास स्थित दुर्गा नगर में रहती थी। शुक्रवार दोपहर को उसने फांसी लगा ली। चूना भट्टी थाना प्रभारी बीके संधू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बचपन में पलक और उसके छोटे भाई को छोड़कर उसकी मां चली गई थी। मां के जाने के बाद उसके पिता ने भी दूसरी शादी कर ली थी। पलक और उसके छोटे भाई को उसकी दादी पाल रही थी। वर्ष 2013 में भारी वर्षा के दौरान मैनिट की दीवार झुग्गियों पर गिर गई थी। उसकी चपेट में आकर पलक की दादी एवं छोटे भाई की मौत हो गई थी। उसके बाद पलक अपने मौसा आनंद सोंधिया के घर में रहने लगी थी। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पलक से घर में काफी काम कराया जाता था। इस वजह से वह ढंग से पढ़ाई भी नहीं कर पा रही थी। इस संबंध में पुलिस स्वजन के अलावा पड़ोस के लोगों के भी बयान दर्ज करेगी।

Related Articles

Back to top button