अरुण श्रीवास्तव भोपाल से कांग्रेस उम्मीदवार:बीजेपी के आलोक शर्मा से सीधी चुनावी फाइट; जानिए आखिरी बार कब कांग्रेस ने जीती थी यह सीट
अरुण श्रीवास्तव भोपाल से कांग्रेस उम्मीदवार:बीजेपी के आलोक शर्मा से सीधी चुनावी फाइट; जानिए आखिरी बार कब कांग्रेस ने जीती थी यह सीट


भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थक माना जाता है। मध्यप्रदेश कांग्रेस पीसीसी के सूत्रों के मुताबिक अरुण को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कांग्रेस नेता दिग्विजय से चर्चा के बाद टिकट दिया है।
भोपाल लोकसभा सीट पर कायस्थ समाज के वोटों को साधने के उद्देश्य से कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव को मैदान में उतारा है। यहां कायस्थ समाज के वोट बड़ी संख्या में हैं। अरुण श्रीवास्तव की समाज के मतदाताओं में अच्छी खासी पैठ मानी जाती है।
इससे पहले कांग्रेस ने 23 मार्च 2024 की शाम को अरुण श्रीवास्तव की जगह भोपाल ग्रामीण कांग्रेस का जिलाध्यक्ष अनोखी पटेल को नियुक्त किया था। तभी से अरुण श्रीवास्तव का टिकट फाइनल माना जा रहा था। इसके कुछ घंटे बाद ही रात 11 बजे AICC ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।
लगातार चौथी बार भोपाल में कांग्रेस से नया उम्मीदवार
अरुण श्रीवास्तव के साथ ही भोपाल लोकसभा सीट पर यह लगातार चौथा मुकाबला होगा, जब कांग्रेस ने यहां से नए उम्मीदवार को टिकट दिया है। इससे पहले भोपाल से कांग्रेस ने 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, 2014 में पीसी शर्मा और 2009 में सुरेंद्र सिंह ठाकुर को उम्मीदवार बनाया था।
40 साल पहले कांग्रेस के केएन प्रधान चुने गए थे
भोपाल सीट पर आखिरी बार 1984 में कांग्रेस के केएन प्रधान सांसद चुने गए थे। तब से अब तक भाजपा का इस सीट पर कब्जा है। अब तक 17 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं। इनमें से 6 बार कांग्रेस और 9 बार भाजपा उम्मीदवार को विजयश्री मिली है। जबकि एक मर्तबा जनसंघ और एक बार जनता पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिली। भोपाल संसदीय सीट के 72 साल के इतिहास में केवल मेमूना सुल्तान और डॉ. शंकर दयाल शर्मा ही कांग्रेस के टिकट पर लगातार 2 लोकसभा चुनाव जीते हैं।
4 बार भाजपा नेता सुशील चंद्र वर्मा चुने गए सांसद
भोपाल संसदीय सीट से सर्वाधिक 4 बार भाजपा नेता सुशील चंद्र वर्मा सांसद चुने गए। वे लगातार 1989 से 1998 तक चार लोकसभा चुनाव जीते। इसके अलावा भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी 2 बार 2004 और 2009 में भोपाल सीट से लोकसभा चुनाव लड़े और जीते।
पहली लोकसभा के लिए भोपाल से चुने गए थे 2 सांसद
वर्ष 1952 में पहली बार लोकसभा चुनाव हुए थे। इस चुनाव में सैदुल्लाह रजमी और चतुरनारायण मालवीय को सांसद चुना गया था। वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर ने बताया कि 1952 में भोपाल सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सैदुल्लाह रजमी और चतुरनारायण मालवीय चुनाव जीते थे। तब लोकसभा में भोपाल से एक साथ दो सांसद चुनकर भेजे गए थे।



