PM मोदी-उमा भारती पर विवादित बयान देने वाले कांग्रेस नेता से नाराज हुए राहुल

जयपुर: राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही जनता के बीच जमकर प्रचार कर रहे हैं और समर्थन की अपील कर रहे हैं. इसी बीच गुरुवार को एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने पीएम मोदी और उमा भारती की जाति को लेकर एक विवादित बयान दिया था. इस पर अब खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर सीपी जोशी से इस बयान के लिए मांफी मांगने को कहा है.
दरअसल, राहुल गांधी ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सीपी जोशी जी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है. पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें, जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दुःख पहुंचे. कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशी जी को जरूर गलती का एहसास होगा. उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए’.
गौरतलब है कि सीपी जोशी ने नाथद्वारा में चुनावी सभा के दौरान कहा था, ‘उमा भारती जी की जाति मालूम है किसी को? ऋतंभरा की जाति मालूम है किसी को? इस धर्म के बारे में किसी को मालूम है तो वो पंडित है. अजीब देश हो गया है. इस देश में उमा भारती लोधी समाज की हैं, वह हिंदू धर्म की बात कर रही हैं. साध्वी जी किस धर्म की हैं? वह हिंदू धर्म की बात कर रही हैं. नरेंद्र मोदी किस धर्म के हैं, हिंदू की बात कर रहे हैं. इन 50 सालों में इनकी अक्ल बाहर निकल गई’.
आपको बता दें, इससे पहले बुधवार को भी एक कार्यक्रम के दौरान बयान देते हुए कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस पार्टी ही राम मंदिर का निर्माण कराएगी. उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप भी लगाया था. बता दें, सीपी जोशी यूपीए सरकार में ग्रामीण विकास और परिवहन जैसे कई अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं. उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है. 2008 में हुए चुनावों में वह नाथद्वारा सीट से केवल एक वोट से हारे थे.



