ट्विटर पर PM मोदी और राहुल गांधी ने गुरु नानक देव को श्रद्धाजंलि अर्पित की
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिख धर्म के पहले गुरु नानक देव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुअ कहा कि सिख गुरु ने सत्य, धर्म व करुणा का मार्ग दिखाया. गुरु नानक देव के प्रेरणादायी विचारों को याद करते हुए मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव समाज से अन्याय व असमानता के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध थे और वह शिक्षा की शक्ति में भी विश्वास करते थे.
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “श्री गुरु नानक देवजी ने हमें सच्चाई, धार्मिकता और करुणा का मार्ग दिखाया. वह समाज से अन्याय व असमानता के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध थे.” उन्होंने कहा, “वह शिक्षा की शक्ति में भी विश्वास करते थे. हम उनकी जयंती पर नमन करते हैं और उनके प्रेरणादायक विचारों को याद करते हैं.” गुरु नानक देव का जन्म 23 नवंबर 1469 में पंजाब के ननकाना साहिब में हुआ था.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को देशवासियों को गुरुपर्व की बधाई दी और सभी के जीवन में ज्ञान, करुणा एवं शांति के प्रवाह की कामना की. गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘आप सभी को गुरुपर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. गुरु नानक देव जी की पवित्र शिक्षाओं से हमारे जीवन में ज्ञान, करुणा और शांति का प्रवाह हो, मेरी यह कामना है.’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी गुरुपर्व की शुभकामनाएं दी हैं.



