Breaking Newsअन्य खबरेंराजनीति

मध्य प्रदेश / सपा, बसपा, गोंगपा बिगाड़ सकते हैं दोनों दलों की जीत का गणित

भोपाल  / प्रदेश की एक दर्जन सीटों पर तीसरा मोर्चा प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर देने की तैयारी में हैं। खास बात यह है कि इस बार पिछले चुनाव की तुलना में तीसरे मोर्चे के प्रमुख दलों ने लगभग दोगुने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इस कारण कई सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों का इनसे कांटे का मुकाबला होगा। कुछ दल पहली बार चुनाव मैदान में हैं। खास बात यह है कि तीसरे मोर्चे के प्रमुख दल बसपा, सपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस बार चुनाव को गंभीरता से लेते हुए जमकर सभाएं कीं। इनमें बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हैं।

तीसरे मोर्चे में आम आदमी पार्टी और सपाक्स ऐसी पार्टियां हैं, जो प्रदेश में पहली बार चुनाव मैदान में हैं। आप ने 208 सीटों पर तो सपाक्स ने 109 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। बसपा के भी 227 प्रत्याशी मैदान में हैं और गाेंगपा के 73 और सपा के 52 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। गोंगपा ने डिंडोरी, जुन्नारदेव, गंधवानी, शहपुरा सहित आदिवासी अंचल की अन्य सीटों पर भी मजबूती का दावा जताया है। इसी तरह आप ने गुढ़, सिंगरौली में दावा किया है।

इन सीटों पर दिखा रहे दम एक दर्जन से ज्यादा सीटों पर तीसरे माेर्चे की सीधी टक्कर 

रैगांव : पिछले चुनाव में बसपा की उषा चौधरी ने भाजपा के पुष्पराज बागरी को 4109 मतों से शिकस्त दी थी। चौधरी फिर मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के पूर्व मंत्री जुगलकिशोर बागरी और कांग्रेस की कल्पना वर्मा से है।

 राजनगर : सपा ने यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे सत्यव्रत चतुर्वेदी के बेटे नितिन चतुर्वेदी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने वर्तमान विधायक विक्रम सिंह नातीराजा पर दांव खेला है। सपा के टिकट पर मैदान में ताल ठोक रहे नितिन ने यहां मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।

बालाघाट : समाजवादी पार्टी ने इस सीट से अनुभा मुंजारे पर फिर भरोसा जताया है। वे पिछले चुनाव में भाजपा के गौरीशंकर बिसेन से 3015 मतों से हारी थीं। इस बार यहां अखिलेश यादव ने सभा ली हैं। दोनों प्रत्याशी फिर आमने-सामने हैं। उनके पति कंकर मुंजारे भी परसवाड़ा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

मुरैना : बसपा ने यहां से बलवीर सिंह दंडोतिया को टिकट दिया है। वे दिमनी से मौजूदा विधायक हैं। उनकी सीट बदल दी गई है। मुरैना से भाजपा के दिग्गज नेता रुस्तम सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। वे यहां से विधायक भी हैं। पिछली बार इस सीट पर बसपा के रामप्रकाश दूसरे नंबर पर थे। सिंह ने उन्हें 1704 वोटों से शिकस्त दी थी।

मनगवां : बसपा की वर्तमान विधायक शीला त्यागी मैदान में हैं। बीता चुनाव वे 265 मतों से जीती थीं। इस बार भाजपा ने यहां प्रत्याशी बदला है, जिनका मुकाबला भाजपा के पंचूलाल प्रजापति और कांग्रेस की बबीता साकेत से है।

विदिशा : आप के टिकट पर पूर्व विंग कमांडर अनुमा आचार्य मैदान में हैं। भाजपा के मुकेश टंडन, कांग्रेस के शशांक भार्गव से उनका मुकाबला है।

अमरवाड़ा : गोंगपा के वरिष्ठ नेता मनमोहन शाह बट्‌टी यहां से मैदान में हैं। आदिवासी बहुल इस सीट पर बट्‌टी के सामने भाजपा के प्रेमनारायण ठाकुर और कांग्रेस से वर्तमान विधायक कमलेश शाह हैं। बट्‌टी 2003 में विधायक रह चुके हैं।

अंबाह : बसपा ने वर्तमान विधायक सत्यप्रकाश को फिर से उतारा है। उन्होंने बीते चुनाव में भाजपा के बंशीलाल जाटव को 11 हजार 288 वोटों से शिकस्त दी थी। इस बार उनका मुकाबला भाजपा के गब्बर सिंह, कांग्रेस के कमलेश जाटव से है।

Related Articles

Back to top button