Breaking Newsराजनीति

मध्यप्रदेश / आज शाम पांच बजे थमेगा चुनावी शोर, एसएमएस और वाट्सएप से भी चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध

भोपाल. विधानसभा चुनाव के लिए चल रहा प्रचार प्रसार सोमवार शाम पांच बजे से थम जाएगा। इसके बाद चुनाव लड़ रहे 111 उम्मीदवार  चुनाव प्रचार के लिए न तो जुलूस निकाल सकेंगे और न ही आम सभाएं आयोजित कर सकेंगे। उम्मीदवार लाउड स्पीकर का उपयोग भी नहीं कर सकेंगे। 28 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए उम्मीदवार केवल डोर-टू-डोर जाकर ही वोटर्स से जनसंपर्क कर सकेंगे। इस दौरान उम्मीदवार एसएमएस, वाट्सएप, फेसबुक और सोशल मीडिया से भी प्रचार नहीं कर सकेंगे।

कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने बताया कि आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि मतदान के 48 घंटे पहले से उम्मीदवारों या राजनीतिक दलों द्वारा लोगों के बीच न तो निर्वाचन को लेकर कोई डिबेट की जाएगी और न ही इसको लेकर किसी प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकेगा। आयोग ने चेतावनी भी दी है कि यदि इन प्रतिबंधों का उल्लंघन किया जाता है तो दो साल की जेल या जुर्माने की सजा या दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है।   

जो जहां का मतदाता उसे वहां जाने के निर्देश
कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने बताया कि चुनाव प्रचार थमने के बाद चुनाव प्रचार में लगे राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ता जो उस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं,उसे सोमवार शाम पांच बजे से मतदान समाप्ति तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र की सीमा छोड़नी होगी। कलेक्टर ने मतदान दिवस में वाहनों के उपयोग के संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत उम्मीदवार तीन वाहन उपयोग कर सकेगा। एक स्वयं के लिए, दूसरा निर्वाचन अभिकर्ता, तीसरा कार्यकर्ताओं के लिए होगा। इसकी मंजूरी अलग से रिटर्निंग ऑफिसर से लेना होगी। एक गाड़ी में पांच से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकेंगे।

पांच बजे से बंद हो जाएंगी शराब दुकानें  
आबकारी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर मनीष खरे ने बताया कि सोमवार शाम पांच बजे से जिले की सभी देशी और विदेशी शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने जारी कर दिए हैं। इसकी सूचना सभी लाइसेंसधारियों को दे दी गई है। इस दौरान होटल और बार में भी शराब नहीं परोसी जा सकेगी। मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व सोमवार शाम 5 बजे से 28 नवम्बर को मतदान खत्म होने तक शराब बेचने पर रोक रहेगी।

होटल-लॉज की चेकिंग, भोपाल में ठहरने का कारण बताना होगा
होटल और लॉज में रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को भेजनी जरूरी होगी। पुलिस हर होटल-लॉज की चेकिंग करेगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि ताकि अवांछित तत्व चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी न कर सकें। भोपाल में आने वालों और ठहरने वालों को इसकी जायज वजह बतानी होगी।

Related Articles

Back to top button