Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

भोपाल / मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण कल, गांधी चौराहे से अवधपुरी तिराहे तक वाहनों का आवागमन रहेगा बंद

भोपाल . सोमवार को जंबूरी मैदान में होने वाले मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। यहां पहले से बने पांच हेलीपेड का उपयोग भी किया जाएगा। हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान हेलीपेड बनाए गए थे।
शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर सुदाम खाड़े सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। गौरतलब है कि समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर डेढ़ बजे होगा। औपचारिक समारोह के बाद कमलनाथ यहां मौजूद जनता को संबोधित करेंगे।
बताया जा रहा है कि वे किसानों की कर्जमाफी की घोषणा भी कर सकते हैं। शपथ ग्रहण के बाद कमलनाथ एनेक्सी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा सरकार में एनेक्सी का निर्माण किया गया था।
सुबह 6 से शाम 6 बजे तक का ट्रैफिक प्लान जारी : शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। साथ ही कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी चौराहा से अवधपुरी तिराहा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम समापन के बाद सभी वाहन उसी मार्ग से वापस लौटेंगे, जिनसे होकर मैदान पहुंचे थे। इस दौरान आवश्यकता होने पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।

शहर के बाहर से आने वाले वाहनों के लिए ये रहेगा रूट
इंदौर और ब्यावरा (राजगढ़) की तरफ से आने वाले वाहन खजूरी सड़क, बकानिया डिपो, मुबारकपुर, लामाखेड़ा, चौपड़ा कला, पटेल नगर बायपास, आनंद नगर से कट पाइंट होकर जंबूरी मैदान पहुंचकर निर्धारित स्थान पर पार्क किए जाएंगे।
सागर और रायसेन की तरफ से आने वाले वाहन पटेल नगर चौराहा से आनंद नगर पहुंचेंगे। जंबूरी मैदान में बाएं ओर मुड़कर पार्किंग स्थल पहुंचेंगे।
होशंगाबाद रोड की तरफ से आने वाले वाहन 11 मील से झागरिया रोड होकर पटेल नगर चौराहा से बाएं मुड़कर आनंद नगर के आगे से जंबूरी मैदान आएंगे।
भोपाल स्टेशन से कार्यकर्ता प्लेटफार्म नंबर छह से अल्पना तिराहा, संगम तिराहा से दाएं लेकर भारत टॉकीज ब्रिज होते हुए बजरिया तिराहा, प्रभात चौराहा, आईटीआई तिराहा, जेके रोड रोड तिराहा, पिपलानी पेट्रोल पंप, रत्नागिरी तिराहे से जंबूरी मैदान पहुंचकर कार्यकर्ताओं को छोड़कर वाहन वापस होंगे।
वीआईपी वाहन गांधी चौराहा होकर अयप्पा मंदिर, गैस गोदाम, सेंट जेवियर स्कूल के सामने से वीआईपी पार्किंग आएंगे।
जंबूरी मैदान में आने वाले चार पहिया एवं स्थानीय वाहन महात्मा गांधी स्कूल की पार्किंग एवं तिराहा होते हुए गणेश चौक कट पाइंट से सेंट जेवियर स्कूल के पीछे पार्क होंगे।
यहां होगा डायवर्सन… गांधी नगर तिराहा, लालघाटी, वीआईपी रोड, रेतघाट, पॉलिटेक्निक, गांधी पार्क, कंट्रोल रूम तिराहा, बोर्ड आॅफिस, चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा टर्निंग, भेल क्षेत्र तथा शहर के अन्य स्थानों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट होगा।

Related Articles

Back to top button